DIGITAL DESK BIHAR:- बिहार में कोरोना वैक्सीन की 12 डाेज लेने वाले ब्रह्मदेव मंडल को पुलिस ने थाने से ही बेल दे दी है। बताया जाता है कि ब्रह्मदेव मंडल सोमवार को मधेपुरा के पुरैनी थाना पहुंचे, जिसके बाद उन्हें बेल मिल गई। कोरोना वैक्सीन की 12 डोज लेकर सुर्खियों में आने के बाद 8 जनवरी को स्वास्थ्य विभाग ने उन पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। तब से उन्होंने अपना फोन बंद कर लिया था और घर से फरार थे। आज बेल मिलने की जानकारी पुरैनी थाना अध्यक्ष दीपक चंद्र दास ने दी।
बताया जा रहा है कि ब्रह्मदेव मंडल को पुरैनी थाना ने हाजिर होने का नोटिस दिया था। इसके बाद वह सोमवार को यानी आज पुरैनी थाना पहुंचे और केस के आईओ उदय तिर्की मिले। केस के आईओ द्वारा विहित प्रक्रिया को पूरा करते हुए उन्हें थाना से ही बेल दे दी गई है।
गिरफ्तारी पर रोक की हुई थी मांग
बता दें, एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की थी। इसके बाद इस मामले पर राजनीति भी होने लगी थी। मधेपुरा सदर राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर ने एसपी को आवेदन देकर ब्रह्मदेव मंडल की गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की थी। उन्होंने इसकी प्रतिलिपि डीएम को भी सौंपी थी। वहीं, पूर्व संसद पप्पू यादव ने भी ब्रह्मदेव मंडल पर हुए एफआईआर को लेकर सरकार और स्वास्थ्य विभाग को घेरा था।
ब्रह्मदेव मंडल ने दी थी आत्महत्या की धमकी
वहीं, गिरफ्तारी और कार्रवाई किए जाने से सहमे ब्रह्मदेव मंडल ने आत्महत्या कर लेने की धमकी तक दे डाली थी। जिसका वीडियो वायरल होने के बाद मधेपुरा एसपी राजेश कुमार ने कहा था, 'चूंकि वे काफी वृद्ध व्यक्ति हैं, इसलिए पुलिस सहानुभूति के साथ उनसे पूछताछ करेगी। जांच में सहयोग की भी आशा व्यक्त की थी।